घटनास्थल पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां दुबौलिया खास में एक व्यक्ति द्वारा एयरगन से गोली मार कर बंदर की हत्या करने का मामला सामने आया है। जिसको लेकर गांव के लोगों में नाराजगी है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर बंदर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक बृजमनगंज क्षेत्र के दुबौलिया गांव में बुधवार की सुबह दुबौलिया निवासी रियाज अहमद के आम के बगीचे में एक बंदर घूम रहा था। बंदर घुमते हुए गांव में बने बाउंड्रीवाल बगीचे में चला गया। इस दौरान शकील ने बंदर को अपने एयरगन से गोली मार दिया।
गोली लगने से बंदर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही गांव के काफी संख्या में लोग इकठ्ठा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और वनदरोगा अनिल सिंह भी मौके पर पहुंच गए। इस संबंध में एसओ विनोद कुमार राय ने बताया हियुवा नेता सतीश गौड़ के तहरीर पर आरोपी शकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। बंदर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बंदर की मौत एयरगन की गोली से हुई
सीओ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि बंदर की मौत एयरगन की गोली से हुई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। बंदर को गोली मारने वाला युवक शकील गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से एयरगन भी बरामद कर लिया गया है।
बंदर को गोली मारना अपराध
फरेंदा रेंजर डीएन पांडेय ने बताया कि बंदर को गोली मारना अपराध है ऐसे में उक्त युवक के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9,11,39,50,51 व पशु क्रूरता अधिनियम 1960 के तहत 11, 295ए, 429 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बंदर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।