थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शाहपुर जंगल के टोला गोकुलपुर में मंगलवार की देर रात में रकम के लेने देन को लेकर दो युवकों के बीच हुए मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि क्षेत्र के ग्राम पंचायत शाहपुर जंगल के टोला गोकुलपुर निवासी रामलाल (30) ने ग्राम पंचायत निवासी सतीश यादव से पांच सौ रुपए कर्ज लेकर बाहर चला गया था। करीब दो माह बाद मंगलवार को वह घर आया। सतीश यादव देर रात में दिए गए पांच सौ रूपए मांगने लगा। जिसे लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई। जिसमे रामलाल की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। बुधवार को मृतक के छोटे भाई दुखी ने तहरीर दी। जिसपर पुलिस ने सतीश यादव पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा है। जिसके तलाश में पुलिस जुटी है। परिजनो का रो रो कर बुरा हाल हो गया है। इस संबंध में एसओ पुरंदरपुर शाह मोहम्मद का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया जाएगा।