इलाके के शाखी गांव में किराना की दुकान चलाने वाले लवकुश की पत्नी ज्योति निषाद (22) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। शनिवार की दोपहर खिड़की से घरवालों ने शव देखा और फिर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस फोरेंसिक टीम और खोजी कुत्ते के साथ मौके पर पहुंची और दरवाजे की कुंडी तोड़कर शव को कब्जे में लिया। उधर, घटना की सूचना पर मृतक का भाई राजकुमार भी मौके पर पहुंच गया था।
जानकारी के मुताबिक सहजनवां इलाके के निवासी राजकुमार की बहन ज्योति निषाद की शादी 2018 में लवकुश के साथ हुई थी। तब लवकुश मुंबई में रहता था लेकिन इस समय चौराहे पर किराने की दुकान खोल लिया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात पति-पत्नी के बीच में विवाद हो गया। दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर भाई भी पहुंचा था। बहन और जीजा को समझाकर राजकुमार घर लौट गया। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।