घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण व छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के बृजमनगंज क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव में कुएं में मिली 52 वर्षीय महिला का शव बुधवार को पोस्टमार्टम होकर गांव पहुंचा तो परिजन उग्र हो गए। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ महिला का शव कोल्हुई-बृजमनगंज मार्ग पर रखकर दिन में पांच बजे के करीब जाम कर दिया। जिसकी सूचना पाते सीओ नौतनवां, फरेंदा, कोल्हुई और बृजमनगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को मनाने में जुट गई। शाम छह बजे पुलिस ने समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया।
जानकारी के मुताबिक, बृजमनगंज थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव के कुंए में मंगलवार को दिन में एक महिला का शव देखकर लोगों ने शोर मचाया। थोड़ी ही देर में गांव के तमाम लोग इकट्ठा हुए तो शव को बाहर निकाला गया। महिला की शिनाख्त गांव के ही चंद्रावती (52) के रूप में हुई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है महिला सोमवार की देर शाम को घर से बाहर निकली थी, फिर वापस नहीं आई। परिजन महिला का काफी खोजबीन किए लेकिन कहीं पता नहीं चला। बुधवार को दिन में महिला का शव पोस्टमार्टम होकर घर पहुंचा तो ग्रामीण उग्र होकर प्रदर्शन करने लगे।