गोरखपुर सदर तहसील क्षेत्र के भौवापार में तैनात लेखपाल अंकित कुमार श्रीवास्तव उर्फ आकाश श्रीवास्तव की ‘काली’ कमाई का हिसाब स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) की गोरखपुर इकाई करेगी। इसकी तैयारी कर ली गई है। एसटीएफ के मुताबिक लेखपाल का विष्णुपुरम कॉलोनी भेड़ियागढ़ में करीब पांच करोड़ रुपये का आवास है। चार लग्जरी गाड़ियां भी बरामद की गईं हैं। सभी गाड़ियां अलग-अलग नाम से खरीदी गईं हैं। नीली बत्ती लगी कार आरोपित लेखपाल की है। अब चल-अचल संपत्ति की जांच कराई जा रही है।
एसटीएफ की गोरखपुर इकाई ने गत बुधवार को ही उत्तर प्रदेश पुलिस की दरोगा, कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में धांधली का भंडाफोड़ किया था। इस मामले में लेखपाल अंकित कुमार श्रीवास्तव उर्फ आकाश श्रीवास्तव, बिजली कर्मी संतोष कुमार यादव, एजी ऑफिस प्रयागराज में अकाउंटेंट अभिनाश यादव, विनय कुमार यादव और सोनीपत हरियाणा के नीरज लाकड़ा को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है। सबकी गिरफ्तारी लेखपाल के आवास से हुई थी। एसटीएफ को जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक लेखपाल की नियुक्ति भी संदेह के घेरे में है। छापे में अंकित कुमार श्रीवास्तव के नाम से दो मार्कशीटें मिलीं हैं।
एसटीएफ के मुताबिक मार्कशीट अंकित नाम से है, लेकिन लेखपाल पद की नियुक्ति आकाश श्रीवास्तव नाम से है। इससे फर्जीवाड़े की आशंका है। अंकित अपना ऑनलाइन परीक्षा केंद्र भी खोल चुका है। लिहाजा, जांच जरूरी है। इसकी रिपोर्ट बनाकर जिला प्रशासन को भेजी जा रही है। अंकित उर्फ आकाश की नियुक्ति की जांच की सिफारिश की जा रही है। साथ ही आय से अधिक संपत्ति की जांच कराई जाएगी।