गोरखपुर जिले के झंगहा इलाके से 14 साल की किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक उसे बहला फुसला कर लेकर फरार हो गया। उसने धर्मांतरण भी कराया है। मगर पुलिस ने सिर्फ बहला फुसला कर भगाने का ही केस दर्ज किया है।
किशोरी की दादी ने एडीजी अखिल कुमार से मुलाकात कर बताया है कि पुलिस ने जबरन उसकी तहरीर बदलवाकर केस दर्ज किया है। एडीजी ने जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने दिए प्रार्थनापत्र में कहा कि उनकी पोती पास के ही एक स्कूल में पढ़ती थी। आते जाते आरोपी उसे परेशान करता था और फिर एक दिन उसने जबरन मोबाइल फोन भी दे दिया था। इसकी जानकारी होने पर उसे समझाया गया लेकिन नहीं माना और फिर धर्मांतरण कराकर वह 29 दिसंबर को उसे लेकर लापता हो गया।
इसकी शिकायत थाने पर करने पर पुलिस ने जेल भेजने की धमकी देकर तहरीर बदलवा दी। बदले हुए तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया लेकिन उस मामले में भी कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता ने किशोरी को ढूंढने व पुलिस पर कार्रवाई की मांग की है। जबकि पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।