गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नौवीं कक्षा के छात्र को क्लास में मोबाइल फोन चलाने से मना किया तो उसने अगले दिन दो दोस्तों के साथ शिक्षक सैय्यद वासिक अली पर हमला कर दिया। जुबली इंटर कॉलेज में हुई वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक नामजद सहित तीन अज्ञात पर हत्या की कोशिश की धारा में केस दर्ज किया। पुलिस ने एक छात्र को पकड़कर किशोर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। उधर, प्रिंसिपल ने आरोपी छात्र को बर्खास्त कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, तिवारीपुर इलाके का रहने वाला एक किशोर जुबिली इंटर कॉलेज में कक्षा 9वीं का छात्र है। मंगलवार को वह क्लास में मोबाइल फोन चला रहा था। कंप्यूटर के शिक्षक सैय्यद वासिक अली ने छात्र को क्लास में मोबाइल चलाने के लिए डांट दिया और कॉलेज में मोबाइल लाने से मना कर दिया।