उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के निदूरी खमहुआ में बुधवार को 35 वर्षीय शकुंतला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव सीढ़ी के नीचे लगे बांस में रस्सी से लटका मिला। सूचना के बाद दुबौलिया के एसओ अनिल कुमार ने मौके पर पहुंच कर बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पूरी तरह स्पष्ट होगी।
जानकारी के अनुसार, निदूरी खमहुआ के पालपुरवा निवासी रामजतन की शादी वाल्टरगंज थाने के मझियार की रहने वाली शंकुतला देवी (35) के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार दस दिन पहले कामकाज के सिलसिले में रामजतन मुंबई चला गया।
रामजतन की पत्नी शकुंतला, 11 वर्षीय बेटा अरुण और आठ साल की बेटी मानसी के साथ घर पर रहती थी। घटना के समय घर में शंकुतला के सास, ससुर और जेठानी भी मौजूद थे। जेठानी ने बताया कि शकुंतला ने रोज की तरह सुबह नहाने के बाद चाय पी थी। इसके बाद मैं घर के काम में व्यस्त हो गई। सुबह करीब नौ बजे उसका शव सीढ़ी के पास लगे बांस में फंदे से लटकता देख हर कोई दंग रह गया। ससुर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी।