पिपराइच में खुद को बचाते हुए पुलिस टीम ने चार को दबोचा।
- फोटो : अमर उजाला
पिपराइच पुलिस की मंगलवार रात पशु तस्करों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही तस्कर गोलियां चलाने और तेजाब व पत्थर फेंकने लगे। खुद को बचाते हुए पुलिस ने चार तस्करों को पकड़ लिया। वहीं अंधेरे का लाभ उठाकर चार अन्य तस्कर फरार हो गए। पुलिस ने तस्करों के पास से चाकू, तमंचा, तेजाब, कुल्हाड़ी, रस्सा, नशे की गोलियां, 68 हजार रुपये, मिर्च पाउडर, पत्थर सहित अन्य सामान बरामद किया है।
एसपी नार्थ अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि पिपराइच इंस्पेक्टर सुधीर सिंह दरोगा विवेक रंजन, आशीष कुमार सिंह, सिपाही क्यूम अली आदि के साथ मंगलवार की रात गश्त पर थे। तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि पशु और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला गिरोह हथियारों के साथ गोरखपुर-पिपराइच मार्ग से आ रहा है। पुलिस टीम ने विकास भारती तिराहे पर घेराबंदी की। तस्करों को आता देख पुलिस ने उन्हें रोका तो वे गोलियां चलाते और तेजाब फेंकते, पत्थर चलाते भागने लगे।
पुलिस ने पीछा कर चार तस्कराें को दबोच लिया। उनकी पहचान गुलरिहा के खुटहन निवासी कमलेश कुमार निषाद, भटहट निवासी मोहम्मद अजमल, मोहम्मद अफजल और सुंदरपुर निवासी अख्तर के रूप में हुई। अंधेरे का लाभ उठाकर गुलरिहा के हरिसेवक पुर नंबर दो निवासी अनूप यादव, कुशीनगर के जंगल बलवीरपुर निवासी सफीउल्लाह उर्फ बिकाऊ, शालू खान उर्फ सहजेब और हनुमानगंज निवासी खुर्शीद शाह फरार हो गए।
पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने तस्करों के पास से मिले बोलेरो, पिकअप और बाइक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि इनका एक गिरोह है, जो सुनसान स्थानों से पशुओं को उठाकर उनकी तस्करी करता था। साथ ही वे मादक पदार्थों की भी तस्करी करते थे। इन पर पहले से भी पिपराइच थाने में तस्करी और फायर करने, लूट के आरोप में केस दर्ज है।