गोरखपुर जिले के महादेवा जंगल गांव स्थित फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस के ऑफिस में लूट के मामले में मैनेजर शशि कुमार यादव ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मैं मानसिक तौर पर बहुत परेशान हूं। अगर उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। वहीं वारदात को 13 दिन हो गए और पुलिस अभी तक पर्दाफाश नहीं कर सकी है।
जानकारी के मुताबिक, महादेवा जंगल गांव स्थित फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस के आफिस से बदमाशों द्वारा 4.10 लाख रुपये लूटने की घटना का खुलासा पुलिस 13 दिन बाद भी नहीं कर पाई है। कंपनी के मैनेजर शशि कुमार यादव ने बताया कि 12 अगस्त को लूट के मामले में इंस्पेक्टर हर एक-दो दिन में थाने पर बुला रहे हैं। 3-4 घंटे बैठाकर दुर्व्यवहार कर रहे हैं। वे वारदात को स्वीकार करने के लिए मुझ पर ही दबाव बना रहे हैं।
सीसीटीवी कैमरे में पांच बदमाश मुंह बांधे पुलिस को दिखे हैं फिर भी प्रताड़ित किया जा रहा है। सीओ चौरीचौरा जगत कन्नौजिया ने बताया कि आरोप गलत है। घटना के पर्दाफाश के लिए कर्मचारियों की भी मदद ली जा रही है। इसलिए उनसे कई बार पूछताछ की गई है।
डीआईजी व एसएसपी ने बनाई थी छह टीमें, नहीं मिली सफलता
वारदात के खुलासे के लिए डीआईजी व एसएसपी ने पुलिस व क्राइम ब्रांच की छह टीमें बनाई थी। पुलिस टीम सीडीआर व अन्य जानकारी लेकर काम कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली। फाइनेंस कंपनी के सामने गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में पांच बदमाश ऑफिस में दाखिल होते हुए दिखते हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस ने इस मामले का अल्पीकरण करते हुए कम्पनी मैनेजर शशि कुमार यादव से तहरीर लेकर डकैती की बजाए लूट की धारा में मुकदमा दर्ज किया था।