गोरखपुर में शाहपुर के रामजानकी नगर में महिला चंदा देवी और उनके नाती नैतिक की हत्या संपत्ति के लालच में चंदा देवी के पुत्र विशाल ने की थी। वारदात में चंदा के पति विरेंद्र, विशाल की पत्नी रंजना, साला हिस्ट्रीशीटर बीएन सिंह और दोस्त गोलू भी शामिल था। पुलिस ने 24 घंटे में ही घटना का पर्दाफाश कर शुक्रवार को पांचों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना का पर्दाफाश करते हुए एसएसपी जोगेेंद्र कुमार ने शुक्रवार को बताया कि शाहपुर के रामजानकी नगर में गुरुवार की शाम एक मकान में बुजुर्ग महिला चंदा देवी व उनके नाती नैतिक का शव मिला था। दोनों की गला रेतकर हत्या की गई थी।
पुलिस ने जांच के बाद चंदा की बेटी सोनी की तहरीर पर चंदा के बेटे विशाल, बहू रंजना, पति विरेंद्र, विशाल के साले बीएन सिंह उर्फ भृगनाथ सिंह निवासी मानस विहार कॉलोनी व विशाल के दोस्त गोलू विश्वकर्मा निवासी बशारतपुर के खिलाफ हत्या, शव छिपाने तथा साजिश रचने के आरोप में केस दर्ज किया। जांच में सामने आया कि संपत्ति में हिस्सा न देने के लिए हत्या की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सभी आरोपितों को शाहपुर के बांसमंडी के पास से शुक्रवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी ने गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने सभी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
13 अक्तूबर को ही रच ली थी हत्या की साजिश
एसएसपी ने बताया कि मां की हत्या की साजिश विशाल ने 13 अक्तूबर को रच ली थी। इसमें उसने पिता विरेंद्र, पत्नी रंजना, साले बीएन सिंह को भी शामिल कर लिया। साजिश के तहत ही विशाल पत्नी रंजना को लेकर गुरुवार की सुबह ससुराल गया और उसे वहीं छोड़ दिया। बाद में दोस्त गोलू को भी साथ मिला लिया।
विशाल दोस्त गोलू, साले बीएन सिंह को लेकर दोपहर में करीब 12 बजे से 1.30 बजे के बीच घर पहुंचा। जहां मां चंदा व भांजा नैतिक था। पहले नैतिक का गला दबाया। फिर चंदा की हत्या की। नैतिक अचेतावस्था से उठ गया तो उसकी भी घर में रखी छुरी से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद चाकू, छुरी व खून के छींटे पड़े कपड़े को थैले में रखकर घर में ही आलमारी के पीछे छिपा दिया और फरार हो गए। जिसे पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने एक बाइक भी बरामद की है जिससे आरोपित वारदात कर भागे थे।