देवरिया में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां लॉकडाउन में जब रोजगार छिना तो खर्च चलाने के लिए तीन दोस्त बाइक चुराने लगे। इसका पर्दाफाश तब हुआ जब कोतवाली पुलिस शुक्रवार रात बाइक चोरी के मामले में तीनों दोस्तों को गिरफ्तार किया। शनिवार को उनका मेडिकल परीक्षण कराने के बाद जेल भेज दिया गया।
कोतवाली पुलिस को किसी ने सूचना दी कि शुक्रवार की देर शाम नगर के राजपूत कटरा से चोरी हुई बाइक को कुछ युवक बेचने के लिए ले जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और पिपरा नाजिर रेलवे क्रॉसिंग के समीप तीनों युवकों को बाइक के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार युवकों ने पूछताछ में अपना नाम कोतवाली क्षेत्र के परानछपरा गांव निवासी अर्जुन पुत्र अमेरिका, नगर के हरैया वार्ड निवासी अवनीश कन्नौजिया पुत्र हरिश्चंद्र व बरसीपार गांव निवासी नीरज यादव पुत्र राजमंगल बताया।