चौरीचौरा इलाके के सरदारनगर ब्लॉक मुख्यालय पर एडीओ पंचायत परमात्मा पांडेय के दफ्तर का ताला तोड़कर चोरों ने रविवार की रात में एक लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को कार्यालय पहुंचे एडीओ पंचायत ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर हल्का दरोगा प्रह्लाद गौंड दलबल के साथ पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। एडीओ पंचायत ने बताया कि कार्यालय का ताला तोड़कर दो बैटरी, दो कंप्यूटर सेट, एक प्रिंटर, एक यूपीएस व एक रिवॉल्विंग चेयर की चोरी की गई है। इससे 15 दिन पूर्व ब्लॉक के ही उर्दू बाबू जाकिर हुसैन के घर में ताला तोड़कर एक बेड, एक साइकिल, फर्नीचर की चोरी की गई थी। जाकिर हुसैन ने चोरी की सूचना पुलिस को दिया था लेकिन अभी तक चोर नही पकड़े जा सके।
प्राथमिक विद्यालय में भी चोरी
प्राथमिक विद्यालय पंसरही में रविवार की रात में ही ताला तोड़कर चोरों ने खेल का सामान, दो गैस सिलिंडर व कार्यालय की स्टेशनरी चोरी हुई है। प्रधानाध्यापक ने चोरी की सूचना पुलिस को दे दी है।