उत्तर प्रदेश के महराजगंज में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कुनसेरवा बाइपास के निकट गांधी चौक पर शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक लड़की को परेशान करने के दो आरोपी युवकों को पकड़ने के लिए दबिश देने पहुंची।
पुलिस पर आरोपियों में एक मनबढ़ युवक ने असलहा तान दिया। इस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए पुलिस बैकफुट पर आ गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी युवक फरार हो गया।
वहीं पुलिस ने अन्य लोगों की मदद से उसके दूसरे साथी को दबोच लिया। फरार युवक की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
ये है पूरा मामला
एक युवक सोनौली क्षेत्र में गोदाम लेकर अपना काम करता है। वह एक लड़की व उसके परिजनों पर शादी का दबाव बनाता है। आरोप है कि शादी से इनकार करने पर वह तरह-तरह की धमकियां देता है, जिससे परेशान होकर परिजनों ने इसकी पुलिस से शिकायत की।
कोतवाल आशुतोष सिंह ने बताया कि युवती के परिजनों की लिखित शिकायत मिली है। एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश के लिए टीम लगी है। सिपाही पर असलहा तानने की बात निराधार है।