गोरखपुर जिले में गुलरिहा इलाके के मोगलहा के पास से बुधवार की शाम पोस्टमास्टर अमन मिश्रा की मां पुष्पा देवी को नुकीला हथियार सटाकर बदमाश कीमती जेवर लूटकर फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, पिपराइच इलाके के गुलरिहा के जक्शन कॉलोनी में पुष्पा देवी पत्नी शम्भू शरण मिश्रा मकान बनवाकर पूरे परिवार के साथ रहती है। पति मुंबई में काम करते हैं। बेटा अमर मिश्रा पोस्टमार्टर है। बुधवार की शाम चिलुआताल इलाके में स्थित अपने गांव से मकान में आने के लिए बरगदवां से ऑटो में बैठकर आ रही थी। मोगलहा के पास ऑटो खराब हो गई। उस ऑटो में दो युवक भी बैठे थे।
महिला ऑटो से उतरी तो दोनों युवक भी साथ मे उतर गए। महिला थोड़ी दूर पैदल जाने के बाद सड़क के किनारे बैठ गई और उठकर जाने लगी तो दोनों युवक पीछे-पीछे चल दिए। जैसे ही सिटी हॉस्पिटल के सामने कामख्या स्पेयर पार्ट्स की दुकान के आगे पहुंची एक युवक महिला के बाएं कमर के पास किसी नुकीले हथियार को सटाकर जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों कान का झुमका, मंगलसूत्र, एक अंगूठी उतरवाकर ले लिए।
इसके बाद युवक ने पर्स में रखा 25 हजार रुपये व मोबाइल छीनकर फरार हो गए। महिला जोर जोर से चिल्लाने लगी तो आसपास के लोग जुटे मगर, तबतक दोनों युवक फरार हो चुके थे। महिला का कहना है कि गांव पर खेत में पैदा हुआ गेंहू व भूसा बेचकर पैसे लेकर आ रहे थे। थाना प्रभारी अमित कुमार दुबे का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।