उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शादी के महज एक महीने बाद प्रेमी से दूसरी शादी करने वाली महिला ने दूसरे पति (प्रेमी) पर जालसाजी और दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि प्रेमी फर्जी दस्तावेज पर शादी कर झूठा दिलासा देता रहा। इस दौरान उसने शारीरिक शोषण भी किया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपित वकील गुप्ता समेत आठ लोगों पर दुष्कर्म और जालसाजी का केस दर्ज किया है।
चौरीचौरा इलाके की एक युवती की शादी 13 मई 2021 को महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा इलाके में हुई थी। शादी से पहले उसका एक युवक से प्रेम संबंध था। महिला ने शादी के एक माह के भीतर नौ जून को ही पति से अलग रहने का फैसला करते हुए प्रेमी से शादी कर ली। पति ने भी शादी के कुछ दिन बाद पत्नी के प्रेमी होने की जानकारी होने पर कोई आपत्ति नहीं की थी और तलाक दे दिया था।
प्रेमी से कोर्ट मैरिज करने के बाद महिला चली गई। आरोप है कि कुछ दिन बाद ही प्रेमी ने महिला की प्रताड़ना शुरू कर दी। आरोप है कि उसे घर से निकाल दिया और साथ रखने को तैयार नहीं था। महिला पहले थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने उसकी बातों पर यकीन नहीं किया और केस दर्ज नहीं किया। इसके बाद महिला कोर्ट पहुंची। अब चौरीचौरा पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।