तिवारीपुर थाना क्षेत्र के तकिया कवलदह निवासी गुड्डू की 27 वर्षीया बेटी रुबी खातून की शादी पीपीगंज इलाके के रहने वाले अबरार उर्फ राजू से आठ साल पहले हुई थी। इस दंपती का छह साल का एक बेटा है। राजू और रूबी इसी मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर रहते थे।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि राजू कभी टैंपो चलाता है तो कभी कोई अन्य कार्य करने लगता है। कुछ वर्षों से उसका पत्नी रूबी से विवाद चल रहा है। रूबी बेटे के साथ अधिकांश समय मायके में ही रहती थी। दंपती जब भी मिलते थे तो किसी न किसी बात को लेकर विवाद होने लगता था।
शनिवार की दोपहर में राजू टैंपो लेकर ससुराल गया तो केवल बेटा मिला। रूबी अपनी सहेली निशा के साथ आधारकार्ड बनवाने गई हुई थी। राजू बेटे को टैंपो में बैठाकर पत्नी की तलाश करने निकल गया। तिवारीपुर के कामरेड नगर इलाके में रूबी और निशा पैदल आती दिख गई।
आरोप है कि राजू ने सड़क पर ही पत्नी रूबी को रोक लिया और कहासुनी करने लगा। कहासुनी के दौरान ही राजू ने टैंपो में रखा एक नुकीला रॉड निकाला और रूबी के गर्दन में घोंपकर फरार हो गया। साथ में मौजूद सहेली निशा और टैंपो में बैठा बेटा दृश्य देखकर चीख पड़े। भागते समय राजू ने रूबी की सहेली निशा का मोबाइल फोन भी छीन लिया।
शोर सुनकर अगल-बगल के घरों के लोग मौके पर पहुंचे। निशा ने रूबी के मायके वालों को इसकी सूचना दी तो परिजन पहुंचे और रूबी को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अब नाना नानी ही बच्चे की देखभाल कर रहे हैं।