सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के बलियरी गांव में शनिवार की भोर में लगभग साढ़े चार बजे डांटे जाने से नाराज बहू ने गले पर हल के फार से हमला कर ससुर की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया है।
बलियरी गांव परसिद्धन (65) करीब सात साल पहले बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसने के कारण चल-फिर नहीं पाते थे। इसके बाद से वह अपने बेटे रामचंद्र के साथ रह रहे थे। शनिवार की भोर में किसी बात को लेकर परसिद्धन ने अपनी बहू फुलबसिया देवी पत्नी रामचंद्र गौड़ को डांट दिया था। इससे नाराज फुलबसिया ने परिसिद्धन पर हल के फार (कसना) से हमला कर दिया। इससे वह लहूलुहान हो गए।
उस वक्त रामचंद्र घर पर नहीं थे। घर के अन्य लोग उन्हें लेकर म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। लेकिन, जिला अस्पताल ले जाते समय परसिद्धन की मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। इसके बाद एसपी आशीष श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश मौर्या ने बताया कि परसिद्धन के दूसरे पुत्र रामनारायण की तहरीर पर फुलबसिया के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।