ब्लॉक प्रमुख माफिया सुधीर सिंह।(फाइल)
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के गीडा के कालेसर निवासी माफिया सुधीर सिंह का बुधवार की देर रात पुलिस से आमना सामना हो गया। सुधीर ने इस दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली मिस हो गई। खुद को बचाते हुए पुलिस ने पीछा कर माफिया सुधीर को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, दो कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
गीडा इंस्पेक्टर दिनेश दत्त मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने सुधीर के खिलाफ गीडा थाने में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया है। गुरूवार को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार दर्ज मुकदमें में इंस्पेक्टर गीडा ने बताया कि वह बुधवार की रात हमराहियों के साथ रात्रि गश्त पर थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जिले के टॉप- 10 की सूची में शामिल बदमाश अपने कुछ साथियों के साथ आकर गांव में धमकी दे रहा है।
सूचना पर पुलिस वहां पहुंची तो एक व्यक्ति आता दिखा और पुलिस को देखते ही पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। उसने दो गोलियां चलाई लेकिन एक गोली मिस हो गई। खुद को बचाते हुए पुलिस ने पीछा कर उसे उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।