गोरखपुर के चौरीचौरा इलाके के एक गांव में राशन लेने गई युवती के साथ मारपीट, छेड़खानी करने के आरोपित कोटेदार पुत्र विनोद चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर युवती की पिटाई करते हुए कोटेदार पुत्र का वीडियो भी वायरल हुआ था।
इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने छेड़खानी, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने रविवार को आरोपित को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को युवती दो बार कोटे की दुकान पर राशन लेने गई थी मगर उसे नहीं दिया गया था। तीसरी बार गई युवती ने सरकारी मदद नहीं देने का कारण पूछा तो विनोद चौधरी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप तो यह भी था कि युवती का कपड़ा भी मारपीट में फट गया। वहां पर मौजूद एक शख्स ने पूरे घटनाक्रम का वीडिया बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही अफसरों की नजर पड़ गई और तत्काल केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार करने का आदेश एसएसपी ने दिया।
चौरीचौरा पुलिस ने युवती की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। एसपी नाथ अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी कर ली गई है। आरोपित को रविवार को जेल भेजा गया।