उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बेटा न जनने (पैदा) पर गौरीबाजार क्षेत्र के एक गांव की महिला को पति ने दो बेटियों सहित मारपीट कर घर से निकाल दिया।
महिला अभी मायके भी नहीं पहुंची थी कि उसने फोन पर तीन तलाक दे दिया। घटना के बाद मायके में रह रही महिला मंगलवार को गौरीबाजार थाने पहुंची और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इसके पूर्व उसने मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजा है।
विशुनपुरा निवासी हंसीबुन निशा ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह दस वर्ष पूर्व ग्राम विशुनपुरा निवासी फरियाद अहमद पुत्र मुन्नू खां से हुआ था। उसकी दो बेटियां हैं।
इधर, कुछ महीनों से पति आए दिन पुत्र न होने की बात कहकर उसे मारते-पीटते थे। जून में उसने आधी रात को मारपीट कर बच्चियों सहित घर से निकाल दिया। रोजाना की प्रताड़ना से तंग आकर वह मायके बर्डपुर बाजार, जनपद सिद्धार्थ नगर चली आई।
कुछ दिन पहले पति से फोन पर बात की तो वह ससुराल आने पर जान से मार देने की धमकी देते हुए तीन तलाक दे दिया। महिला ने पति की प्रताड़ना से बचाने की गुहार लगाई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अश्विनी राय ने बताया कि शिकायत मिली है, मामले की जांच की जा रही है।