गोरखपुर में जिला सहकारी बैंक का ऋण बांटने में घपला करने के आरोपी पूर्व महाप्रबंधक रमाशंकर मिश्र को सीबीसीआईडी की टीम ने सोमवार की दोपहर शाहपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन्हें मानस विहार कॉलोनी स्थित उनके आवास से पकड़ कर कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया है। वह सिकरीगंज शाखा में 3.54 करोड़ के घपले में आरोपी हैं।
जानकारी के मुताबिक, जिला सहकारी बैंक, सिकरीगंज शाखा में वर्ष 2012 से 2015 के बीच घपला हुआ है। आरोप है कि उस समय तैनात रहे प्रबंधक रमाशंकर मिश्र ने फर्जी तरीके से 400 लोगों में 3.54 करोड़ का कर्ज वितरित किया था। शाखा प्रबंधक ने अपने कार्यक्षेत्र से बाहर जाकर उरुवा, बेलघाट, सिकरीगंज, खजनी, पिपरौली में रहने वाले लोगों को भी कर्ज दे दिया।
शिकायत पर हुई जांच में पता चला कि अनियमित तरीके से ऋण वितरित करने में जिला सहकारी बैंक के पूर्व महाप्रबंधक रमाशंकर मिश्र, रामनेवास, जयप्रकाश, उप शाखा प्रबंधक कालिका प्रसाद सिंह भी शामिल रहे। सीबीसीआइडी की टीम रामनेवास, जयप्रकाश व कालिका प्रसाद सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
प्रभारी निरीक्षक शाहपुर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोपहर में सीबीसीआइडी की टीम पूर्व महाप्रबंधक रमाशंकर मिश्र को गिरफ्तार कर थाने ले आई थी।