दुकान में की गई चोरी को संदिग्ध मान रही है पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर के सोनबरसा बाजार-सरदारनगर मार्ग पर स्थित जायसवाल हार्डवेयर की दुकान में ताला तोड़कर चोरों ने नकद और जेवरात पर हाथ साफ कर दिए। मुकामी पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का जायजा लिया और मामले की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान रही है।
जानकारी के मुताबिक, हार्डवेयर दुकान के मालिक पारसनाथ जायसवाल का 26 अप्रैल को निधन हो गया था। उनकी मौत के बाद पूरा परिवार सोनबरसा स्थित मकान पर रह रहा है। मकान दो मंजिला है और निचले तल पर हार्डवेयर और पेंट की दुकान है।
पुलिस को दी गई तहरीर में अमित जायसवाल ने बताया है कि मंगलवार रात पूरा परिवार ऊपरी मंजिल पर सो रहा था। आधी रात के बाद अज्ञात चोरों ने नीचे मंजिल पर लगे लोहे के चैनल में ताले को तोड़ दिया। अंदर दाखिल होकर दुकान के पिछले हिस्से में रखी आलमारी को तोड़कर उसमें से 3.90 लाख रुपये और एक लाख रुपये के जेवरात की चोरी कर ली। सुबह में जब नीचे आए तो सीढ़ी का दरवाजा दूसरी तरफ से बंद पाया गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है लेकिन अभी केस दर्ज नहीं हुआ है।