उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कोल्हुई कस्बे में चंदनपुर रोड पर एक घर में एक माह पहले आई एक फाइनेंस कंपनी ने खाताधारकों से बड़ी धोखाधड़ी की। ग्राहकों का लाखों रुपये लेकर सारे कर्मचारी फरार हो गए। पहले से कागजी कार्रवाई करने के लिए बुलाए गए कुछ जमाकर्ता रविवार की सुबह जब ऑफिस पहुंचे तो जमाकर्ताओं के होश उड़ गए।
महिला सदस्यों की समूह बनाकर लोन देने के लिए ग्राहकों से पहले ही बीमा आदि के नाम पर 1500-1500 रुपये जमा करा लिया था। जिनकी संख्या तीन सौ से ऊपर बताई जाती है। जैसे कुछ लोग पहुंचे मालूम पड़ा कि सभी लोग कमरा छोड़कर फरार हैं।
पीड़ितों ने तमाम लोगों से पूछताछ की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस जालसाजी का शिकार कोल्हुई थाना क्षेत्र के लगभग 300 लोग हुए। जिनसे आधार कार्ड की फोटो कापी, दो फोटो भी लिया गया था, जो धोखाधड़ी के शिकार हुए।
कोल्हुई कस्बे के सोनारी गली में कुछ लोगों ने 21 दिन पहले यह कंपनी खोली थी। रविवार सुबह शायरा खातून निवासी बकैनिहा टोला शंकरडीह ने जब कंपनी के कर्मचारियों के बुलाने पर मौके पर पहुंचीं तो पता चला कि सभी कर्मचारी कमरा छोड़कर चले गए हैं। थानाध्यक्ष दिलीप शुक्ला ने तहरीर नहीं मिलने की पुष्टि की।