इसी पेड़ को काटने के लिए दो पक्ष आपस में भिड़ गए।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिल में बेलवा कारखाना क्षेत्र के जौरा बाजार के गाविंद टोला में मंगलवार की सुबह खेत की मेड़ पर लगे सागौन का पेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक महिला समेत कुल आठ लोग घायल हो गए। मौजूद गांव के लोगों ने दोनों पक्ष के लोगों को शांत कराया और घायलों को सीएचसी फाजिलनगर भेजवाया।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के जौरा बाजार के गोविंद टोला निवासी किरन के खेत की मेड़ पर सागौन के 10 पेड़ हैं। मंगलवार की सुबह इनके पति भगवान कुशवाहा खेत देखने आए तो सागौन का एक पेड़ काटा जा चुका था और दूसरा काटा जा रहा था।
उन्होंने विरोध किया तो गाली-गलौज होने लगी। मौजूद लोगों ने दोनों को शांत कराया और पेड़ की कटान रोक दी। घर आते ही मारपीट होने लगी। इसमें एक पक्ष के किरन, भगवान, शाहब कुशवाहा और भरत कुशवाहा और रमेश, बबलू, गुड्डू और अनूप समेत आठ लोग घायल हो गए।
शोर सुनकर वहां पहुंचे गांव के लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को सीएचसी फाजिलनगर भेजवाया। दूसरे पक्ष के शास्त्री कुशवाहा ने बताया कि वर्ष 2017 में उन्होंने उमेश यादव से यह जमीन खरीदी थी। इसलिए सागौन का पेड़ हमारा है।
इस संबंध में पटहेरवा एसओ अतुल्य कुमार पांडेय ने बताया कि इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।