उत्तर प्रदेश के देवरिया शहर के सीसी रोड स्थित एक दुर्गा पंडाल के पास गुरुवार की रात में मेला घूमने आए एक युवक की दबंग युवकों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में चार नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, शहर के रामनाथ देवरिया मोहल्ला निवासी आदित्य मणि त्रिपाठी (23) पुत्र अनूप मणि रात में सीसी रोड पर दुर्गा पूजा मेला घूमने गया था। इसी दौरान युवकों ने उसे घेर लिया और जमकर पिटाई कर दी, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने पुलिस और परिजनों को घटना की सूचना दी। वहीं घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर चार नामजद और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि दुर्गा पंडाल रखने वाले कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। कोतवाल नवीन सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।