उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में कत्ल के बाद फेंकी गई एक युवती की लाश झंगहा इलाके के अमहिया गांव में ईंट-भट्ठे के पास मिली। युवती की हत्या करके इसी इसी इलाके में लाश फेंकने की 24 घंटे के भीतर यह दूसरी वारदात है।
फिलहाल, पुलिस ने शव कब्जे लेकर पहचान के इंतजार में 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। युवती की उम्र 25 वर्ष होगी। कत्ल के बाद फेंकी गई एक अन्य युवती की लाश रविवार को इसी इलाके में मिली थी। एक ही इलाके में दूसरी बार शव मिलने से सवाल उठ रहा है कि पुलिस आखिर कर क्या रही है?
जानकारी के मुताबिक, अमहिया गांव के नेहरू चौराहे से 200 मीटर दूर ईंट-भट्ठे के पास युवती का शव देखकर लोगों ने पुलिस को खबर दी। शरीर पर सफेद रंग का लोवर और टी-शर्ट था।
एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने बताया कि शव चार-पांच दिन पुराना है। काफी कोशिश के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी। इससे यह लगता है कि किसी और इलाके में उसकी हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। जिले के सभी थानों को शव की पहचान कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
रविवार को भी मिला था युवती का शव
रविवार को भी इसी इलाके के राजधानी गांव में गोर्रा नदी के तटबंध के पास एक 25 वर्षीय युवती की हत्या कर फेंका गया शव मिली था। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे, जबकि कुछ दूरी पर पुलिस ने एक साड़ी बरामद की थी। इस मामले में लोगों ने आशंका जताई थी की युवती से दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। पहचान मिटाने के लिए चेहरे की विकृत करने की कोशिश की गई थी। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।