गोरखपुर के गुलरिया इलाके के चैनपुर गांव के मोहम्मद बरवाटोली में सोमवार की सुबह एक युवक की आम के पेड़ से लटका हुआ शव मिला है। बताया जा रहा है कि युवक रात में घर पर सोया था और सुबह उसकी लाश पेड़ से लटकती मिली है।
परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है तो वहीं पुलिस इसे खुदकुशी मान रही है। असल वजह क्या है इसके लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र (40) रात में खाना खाने के बाद घर पर सो गया था। सोमवार की तड़के सुबह अभी घर वालों की नींद नहीं खुली थी कि गांव के लोग बगीचे की ओर गए और देखा कि धर्मेंद्र का शव पेड़ से लटक रहा है। इसकी सूचना तत्काल उसके घर पर दी गई।
सूचना मिलते ही घरवाले मौके पर पहुंच गए और शव देख कर हैरान हो गए। इस घटना के बाद गांव में दो तरह की चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि धमेंद्र ने आत्महत्या कर ली। जबकि चर्चा यह भी रही कि उसकी हत्या कर शव को पेड़ से टांग दिया गया।
इंस्पेक्टर गुलरिहा विनोद कुमार अग्निहोत्रि ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।