जानकारी के मुताबिक, झारखंड प्रांत के गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र के के राजधांबाद निवासी सूरज चिलुआताल थाना क्षेत्र के झुंगिया स्थित इंपीरियल अपार्टमेंट कैंपस में रहते थे। बुधवार की सुबह उनका शव मिला था और बताया गया था कि छठीं मंजिल से गिरने के बाद उनकी मौत हुई है।
गार्ड की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसी टीवी फुटेज देखा जिसमें वह गिरते हुए दिखाई दे रहा था और पुलिस खुदकुशी का मामला मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मौत की खबर पाकर सूरज का भाई गौरव गोरखपुर पहुंच गया था। वह खुदकुशी की बात मानने को तैयार नहीं था।
इसी बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सबकुछ उलझा दिया है जिसमें हड्डी ना टूटने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को सूरज के साथ रहने वाले गुरदीप व सिद्धार्थ सहित कंपनी में काम करने वाले छह लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में पता चला है कि वह घटना से पूर्व रात में भोजन भी नहीं किया था।
गौरव का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देखने से यही प्रतीत होता है कि उनका भाई काफी ऊंचाई से गिरा है। वह कहते हैं कि वह ऊंचाई से गिरा तो उसके मुंह और सिर से खून क्यों नहीं निकला। ऐसे में वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी संदेह उठा रहे हैं।