गोरखपुर के बांसगांव इलाके के एक गांव की पंद्रह साल की किशोरी को अगवा कर उसपर निकाह और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने का मामला शनिवार को सामने आया। पुलिस ने किशोरी के मामा की तहरीर पर आरोपी वसीम, उसके पिता नसरुद्दीन और शमशेर के खिलाफ केस दर्ज कर वसीम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने किशोरी को भी मुक्त करा लिया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगी है।
जानकारी के मुताबिक, थाने में तहरीर देकर किशोरी के मामा ने बताया कि उनके गांव के एक शख्स ने उन्हें बताया कि उनकी भांजी वसीम के साथ देखी गई है। जब गांव में पता किया तो मालूम चला कि वसीम किशोरी को अपने पिता की बाइक पर बैठा कर शहर में शमशेर के पास ले गया, वहां उसे बेचने और धर्म परिवर्तन कर निकाह का दबाव बनाने लगा।
पीड़ित की सूचना पर पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई और इस मामले में आरोपितों पर छेड़खानी, अपहरण, उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अध्यादेश और पॉक्सो एक्ट की धारा में केस दर्ज कर लिया। इसके बाद बांसगांव पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई।
इस दौरान आरोपी के इलाके में होने की खबर मिली। इस सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस का कहना है कि तीन लोगों पर केस दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है, अन्य की तलाश की जा रही है।