वहीं पुलिस पर हमले एवं फायरिंग की घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण शोर मचाते हुए दौड़े तो बदमाश पिकअप छोड़कर भाग निकले। घटना की सूचना पर एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही आसपास के अन्य थानों की पुलिस टीम घटना स्थल पहुंच गई।
बदमाशों की पिकअप गुलरिहा पुलिस ने कब्जे में ले ली है। घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करते हुए जांच पड़ताल कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने क्राइम ब्रांच को भी तलाश में लगा दिया है।
दो दिन पहले शाहपुर पुलिस पर हुआ था पथरा, छह माह से आतंक
इसके पहले भी पुलिस टीम पर पशु तस्कर कई बार हमला कर चुके हैं। बीते शनिवार की रात शाहपुर पुलिस पर बदमाशों ने हमला कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसके पहले कैंट इलाके में पीआरवी को पशु तस्करों ने क्षतिग्रस्त किया था। चिलुआताल, एयरफोर्स, इंजीनियरिंग कॉलेज, कोतवाली, तिवारीपुर और शाहपुर इलाके में भी पशु तस्कर पुलिस टीम के साथ ही आम लोगों पर भी हमला कर चुके हैं। इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस कई बार प्रयास और घेरेबंदी कर चुकी है लेकिन तस्कर हर बार भागने में कामयाब रहे हैं।