इंटरनेट बैंकिंग के बढ़ते क्रेज के साथ ही ऑनलाइन ठगी के मामले भी बढ़े हैं। जालसाजों ने भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve bank of india) के नाम से मेल भेजकर जालसाजी का नया तरीका ढूंढा है। लॉटरी जीतने या फिर विदेश से पैसे आने संबंधी फर्जी मेल भेज कर जालसाज खाताधारकों के खाते को साफ कर दे रहे हैं। इस संबंध में आरबीआई ने खाताधारकों के लिए अलर्ट जारी किया है।
आरबीआई ऑनलाइन बैंकिंग को लेकर कई बार चेतावनी जारी कर चुका है, लेकिन लोगों को अब और सतर्क रहने की आवश्यकता है। इसके लिए भारतीय रिजर्व बैंक अपने इस अभियान में आम लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड और बैंकिंग से जुड़े सभी लेन-देन को लेकर नए सिरे से जागरूक कर रहा है।
इस क्रम में केंद्रीय बैंक ने आरबीआई के नाम से आने वाले कुछ ईमेल से बचने की सलाह दी है। चेतावनी देते हुए कहा है कि आरबीआई के नाम से आने वाले ये ईमेल आपके बैंक अकाउंट में जमा आपकी कमाई को साफ कर सकते हैं।