मौत के मामले में गोरखपुर दूसरे तो बस्ती तीसरे नंबर पर है। गोरखपुर में भले ही 28 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, लेकिन अब तक तीन की मौत हो चुकी है। नवापार के 65 वर्षीय और उनवल नगर पंचायत के संग्रामपुर के वार्ड नंबर 3 के 71 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना से दम तोड़ चुके हैं।
खजनी तहसील क्षेत्र लाखुन बुजुर्ग के 35 वर्षीय युवक की भी कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। कोरोना संक्रमण के मामले में बस्ती पहले स्थान पर है। इस जिले में अब तक 120 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। सबसे पहले तुरकहिया के युवक की मौत हुई थी, फिर रुधौली के 55 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ा था।
कुशीनगर में भी कोरोना संक्रमण से पड़री गांव के 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई थी। कुशीनगर में कोरोना के अब तक सात मामले सामने आए हैं। महराजगंज में भी कोरोना संक्रमण से 71 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई थी।
वह गोरखपुर के कैंपियरगंज तहसील क्षेत्र का रहने वाला था। मुंबई से इलाज कराके लौटा था। कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद उसे महराजगंज के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस जिले में अब तक कोरोना के 31 मामले सामने आए हैं।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। उम्र के साथ ही बीमारी भी घेरती है। शुगर, सांस फूलने की समस्या आम रहती है, इस वजह से कोरोना वायरस का हमला घातक हो जाता है। बुजुर्गों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है।
कोरोना संक्रमण के मामले में गोरखपुर-बस्ती मंडल में सिद्धार्थनगर दूसरे पायदान पर है लेकिन एक भी मौत नहीं हुई है। अब तक 60 मामले सामने आए हैं। जितने व्यक्ति कोरोना वायरस की चपेट में आए, उन सबका इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य महकमे के आंकड़ों के मुताबिक 19 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। 41 एक्टिव केस हैं। देवरिया में भी किसी संक्रमित की मौत नहीं हुई है। अब तक 29 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।