अगस्त के पहले सप्ताह में शुरू होगा कोरोना वैक्सीन का ट्रॉयल
गोरखपुर। जिले में कोरोना वैक्सीन का ट्रॉयल अगस्त के पहले सप्ताह में शुरू हो सकता है। इसके लिए राणा हॉस्पिटल को शुक्रवार को वैक्सीन मिलने की उम्मीद है। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन वालंटियर के लिए विज्ञापन जारी करेगा। क्योंकि, अब तक अस्पताल को वालंटियर पूरे नहीं मिले हैं।
अस्पताल के मैनेजर वेंकटेश ने बताया कि वैक्सीन मिलने के बाद वालंटियर की तलाश शुरू होती है। वैक्सीन ट्रॉयल के लिए अस्पताल को 50 से 60 वालंटियर की जरूरत है। अब तक 10 से 15 वालंटियर ने संपर्क किया है। शेष के लिए जल्द ही विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसमें इच्छुक वालंटियर से आवेदन मांगे जाएंगे। इसके बाद शारीरिक जांच होगी। इसके लिए ब्लड सैंपल लेकर दिल्ली के निजी लैब में भेजा जाएगा। वहां से रिपोर्ट आने के बाद वैक्सीन का ट्रॉयल शुरू किया जाएगा। जिनके अंदर एंटी बॉडी नहीं होगी, उन पर ही वैक्सीन का ट्रॉयल होगा। इसमें कम से 10 दिन का समय लग सकता है। इसे लेकर रिसर्च टीम ने तैयारी भी पूरी कर ली है।