कोविड संक्रमण की जांच में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बृहस्पतिवार को हुई जांच में 14 लोग कोरोना संक्रमित मिले। संक्रमितों में दो डॉक्टर भी शामिल हैं। इस बीच 16 लोगों ने कोरोना को मात दी है। इसके बाद से सक्रिय मरीजों की संख्या 112 हो गई है। राहत की बात यह है कि कोई भी मरीज गंभीर नहीं मिला है। सभी होम आइसोलेशन में हैं।
जानकारी के मुताबिक, संक्रमितों में पार्क रोड के एक निजी अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एक-एक डॉक्टर शामिल हैं। रेलवे अस्पताल और गोरखपुर विश्वविद्यालय के एक-एक कर्मचारियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है।
वहीं, धस्का की एक 16 वर्षीय किशोरी और पार्क रोड के एक ही परिवार के दो लोग पॉजिटिव मिले हैं। सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि जिले में पहली लहर से लेकर अब तक 67,106 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 66,118 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। 866 की मौत हो चुकी है। उन्होंने बचाव की अपील की है।
5920 लोगों को लगाया गया कोरोनारोधी टीका
कोविड टीकाकरण अभियान के तहत बृहस्पतिवार को 117 बूथों पर 5920 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। बूथों पर बहुत कम संख्या में लोग पहुंचे थे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एएन प्रसाद ने बताया कि वैक्सीन की कमी नहीं है। लोग बूथों पर आएं, सभी को टीका लगाया जाएगा। उन्होंने अपील की अभिभावक बच्चों को हर हाल में टीका लगवाएं। टीका पूरी तरह से सुरक्षित और असरदार है।