लखनऊ में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण की वजह से वहां ऑक्सीजन की मांग बढ़ गई है। संक्रमितों का इलाज कर रहे करीब 10 निजी अस्पतालों ने गोरखपुर के उद्यमी से मेडिकल ऑक्सीजन की मांग की है। बुधवार को गीडा में स्थापित इकाई मोदी ऑक्सीजन प्राइवेट लिमिटेड ने 140 बड़े सिलिंडर लखनऊ भेजे।
जानकारी के मुताबिक लखनऊ के न्यू आशीर्वाद हास्पिटल एवं ट्रामा, बजरंग हास्पिटल एवं ट्रामा सेंटर, केडीएम हास्पिटल, ग्लोबल हास्पिटल, कल्पना हास्पिटल, राधास्वामी हास्पिटल, मेडवेल हास्पिटल, बी होप हास्पिटल, श्री बालाजी हास्पिटल एवं ट्रामा सेंटर, लखनऊ हास्पिटल एवं ट्रामा सेंटर की तरफ से आक्सीजन आपूर्ति करने की मांग की गई थी।
उद्यमी प्रवीण मोदी आक्सीजन बनाने के दो प्लांट गीडा में संचालित करते हैं। एक प्लांट में लिक्विड आक्सीजन बनाकर उसे सिलिंडर में भरा जाता है, जबकि दूसरे प्लांट में बाहर से लिक्विड आक्सीजन मंगाई जाती है। वर्तमान में दोनों प्लांटों से मेडिकल आक्सीजन के करीब 1600 बड़े सिलिंडर प्रतिदिन तैयार किए जाते हैं।
उद्यमी प्रवीण मोदी ने बताया कि गोरखपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में मेडिकल आक्सीजन की पूरी व्यवस्था है। लखनऊ के अस्पतालों से मांग आने के बाद गोरखपुर में उपलब्धता का आकलन किया गया। आकलन में यह बात सामने आई कि कुछ सिलिंडर लखनऊ भी भेजे जा सकते हैं। इसी क्रम में वहां 140 बड़े सिलिंडर की आपूर्ति की गई है।