रेल लाइनों पर काम करने वाले रेलकर्मियों को मेडिसिन किट उपलब्ध कराने के लिए लखनऊ मंडल रेल प्रशासन ने मोबाइल ओपीडी स्पेशल ट्रेन चलाई है। वाराणसी मंडल में पहले से ही वैक्सीन स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। इस दौरान फ्रंटलाइन वर्करों को रेल लाइन के पास ही वैक्सीन लगाई जा रही है, सभी खंडों पर 45 वर्ष से ऊपर के रेलकर्मियों की सूची सौंपी गई है।
लखनऊ मंडल के पीआरओ के मुताबिक स्टेशनों पर कार्यरत कर्मचारियों व उनके परिवार को त्वरित चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार मेडिसिन किट के पैकेट का वितरण किया जा रहा है। मोबाइल ओपीडी स्पेशल ट्रेन छोटे-छोटे स्टेशनों पर भी रुक रही है।
ट्रेन में सवार चिकित्सीय टीम द्वारा लाइन कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को कोविड संक्रमण के प्रति जागरूकता एवं बचाव के लिए परामर्श के साथ स्वास्थ्य जांच के लिए पल्स ऑक्सोमीटर एवं थर्मामीटर का वितरण भी किया जा रहा है। चिकित्सकीय टीम द्वारा कोविड संक्रमण की ’रैपिड एंटीजेंन टेस्ट’ एवं आरटी पीसीआर द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है।
मेडिकल टीम ने मंडल में कार्यरत 4384 रेल कर्मियों एवं उनके परिवारीजनों का आरटी पीसीआर टेस्ट किया है। मंडल रेल प्रबंधक डॉ. मोनिका अग्निहोत्री ने सभी रेल कर्मियों एवं उनके परिवारजनों से अपील की है कोविड संक्रमण के शुरुआती लक्षणों के दिखते ही अविलंब चिकित्सकों से परामर्श अवश्य लें।