- रेलवे को-ऑपरेटिव बैंक और रेल कर्मचारियों के साथ उनके बच्चों ने लिया प्रतियोगिताओं में हिस्सा
गोरखपुर। डीएनई एंड ईसी रेलवे इम्प्लाइज मल्टी स्टेट प्राइमरी को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में 14 से 20 नवंबर तक आयोजित सहकारिता सप्ताह का शुक्रवार को समापन हुआ। इस दौरान खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय के डीएमओ डॉ. दिग्विजय सिंह रहे। बैंक के सभापति राजेश कुमार सिंह ने विभिन्न आयु वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बैंक एवं रेल कर्मचारियों और उनके पाल्यों को सम्मानित किया। प्रतियोगिताओं का आयोजन 19 नवंबर को किया गया था, जिसमें खेलकूद के साथ मानसिक विकास से जुड़ी प्रतियोगिताएं भी हुईं। बैंक कर्मचारियों और अंशधारकों (रेल कर्मचारियों) के साथ उनके बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सभापति राजेश कुमार सिंह ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि आपसी सहयोग, विश्वास, सहभागिता और सामूहिक विकास की भावना पर आधारित व्यवस्था है। सप्ताह के दौरान आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य सहकारिता के सिद्धांतों और मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बैंक की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों से लोगों को परिचित कराना रहा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पारदर्शिता एवं निष्ठा के साथ काम करते हुए ग्राहकों की संतुष्टि को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
सहकारिता सप्ताह के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताओं के अलावा बचत जागरूकता अभियान और बैंक कर्मचारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। समारोह में उप सभापति अनिल कुमार सिंह, संचालक मंडल के सदस्य शशांक पांडेय, उमेश कुमार गुप्ता, संदीप कुमार सिंह, विनोद कुमार शर्मा, गौरव शेखर, जयनाथ, सर्वेश सिंह, पेशेवर निदेशक चंद्र किशोर सिंह और प्रमोद कुमार उपाध्याय सहित बैंक के अधिकारी, कर्मचारी और प्रतिभागी मौजूद रहे।