ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत शहर से लेकर देहात तक सार्वजनिक जगहों पर लगाए गए सीसी टीवी कैमरों का कंट्रोल रूम पुलिस लाइंस में होगा। इसकी स्थापना के बाद पुलिस एक जगह बैठकर ही पूरे शहर में होने वाले सभी गतिविधियों की निगरानी कर सकेगी। इसके अलावा अगर कहीं पर भी कोई संदिग्ध नजर आएगा तो कंट्रोल रूम तत्काल नजदीक मौजूद पुलिस वाले को इसकी जानकारी देकर जांच भी करा लेगी।
वहीं, कैमरों के रखरखाव के लिए गवर्निंग कमेटी ने एक बैंक खाता भी खोल दिया, जिसे नगर निगम, जीडीए और आम लोगों की मदद से चलाया जाएगा। इस फंड में आने वाले रुपयों का इस्तेमाल सीसी टीवी कैमरों के रख-रखाव के लिए किया जाएगा।
यह जानकारी एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने एक बैठक के बाद दी। वह बुधवार को पुलिस लाइंस में सीसी टीवी कैमरे के लिए गठित गवर्निंग कमेटी के साथ बैठक की। इस दौरान यह सभी फैसले लिए गए हैं। एसपी सिटी ने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत पुलिस ने शहर से लेकर देहात तक सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। इसकी निगरानी के लिए एक कमेटी भी गठित की गई है। कमेटी में एसएसपी, जीडीए उपाध्यक्ष और नगर आयुक्त को संयोजक बनाया गया है।