गोरखपुर। 33 केवी इनकमिंग लाइन में फॉल्ट आने से लाल डिग्गी उपकेंद्र से जुड़े करीब 12 हजार घरों की बिजली बुधवार देर रात से बृहस्पतिवार सुबह तक बाधित रही। करीब दो घंटे तक आपूर्ति ठप रहने से लोगों को गर्मी और पेयजल जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
बिजली निगम के अनुसार, बुधवार रात करीब तीन बजे आपूर्ति बाधित हुई, जिसे बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे बहाल किया गया। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि 33 केवी इनकमिंग लाइन में आए फॉल्ट के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई। उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर (जेई) ने बताया कि बरहुआं की ओर से आए फॉल्ट के चलते यह समस्या उत्पन्न हुई और उसे ठीक करने में समय लगा।
दूसरी ओर, पारेषण विभाग के एसडीओ चंद्रजीत यादव ने बताया कि पारेषण की ओर से कोई तकनीकी खराबी नहीं थी। उनके अनुसार, बिजली विभाग की ओर से बुधवार रात 2:36 बजे से बृहस्पतिवार सुबह 6:05 बजे तक शटडाउन लिया गया था। फॉल्ट के कारणों को लेकर दोनों विभागों के अलग-अलग दावों के बीच उपभोक्ताओं को बिजली संकट झेलना पड़ा।