- चंपा देवी पार्क के 25 एकड़ भूमि में कन्वेंशन सेंटर का होना है निर्माण
- मुंबई की फर्म को कन्वेंशन सेंटर के निर्माण व संचालन का मिला है काम
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से प्रस्तावित विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर का काम जल्द शुरू होगा। इसके निर्माण का अधिकार पाने वाली मुंबई की कंपनी पीकेएच वेंचर्स लिमिटेड की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। चंपा देवी पार्क में मंगलवार से रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके बाद पाइलिंग का काम भी शुरू होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जीडीए ने रामगढ़ताल के सामने चंपा देवी पार्क एवं इससे सटी जमीन पर विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसे भूमि मुद्रीकरण के आधार पर बनाया जाएगा। रिक्वेस्ट फाॅर प्रपोजल (आरएफपी) के आधार पर निर्माण करने वाली कंपनी का चयन किया गया है। इस परियोजना पर 368 करोड़ रुपये की लागत आएगी। आरएमसी प्लांट लगाने के बाद कंपनी निर्माण कार्य शुरू करेगी। पार्क में किनारे की ओर बने शौचालय को भी हटाया जाएगा। उसमें खोले गए तालाब कैफे को बंद करा दिया गया है। उसे कहीं और शिफ्ट किया जाएगा। इसे तीन साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस कन्वेंशन सेंटर को बनाने में जीडीए को धन खर्च नहीं करना होगा। निर्माण का अधिकार पाने वाली कंपनी ही निर्माण का पूरा खर्च वहन करेगी।
कन्वेंशन सेंटर बनाने वाली कंपनी को मिलेगी छह एकड़ जमीन
कन्वेंशन सेंटर बनाने की जिम्मेदारी जिस फर्म को मिली है, उसे जीडीए की ओर से कन्वेंशन सेंटर के बगल में यानी रामगढ़ताल के ठीक सामने छह एकड़ जमीन दी जाएगी। यह जमीन 99 साल के लिए दी जाएगी। कंपनी यहां फाइव स्टार होटल का निर्माण करेगी। होटल में न्यूनतम 150 कमरे रखने होंगे। यहां व्यावसायिक उपयोग भी किया जा सकेगा। छह एकड़ जमीन पर कंवेंशन सेंटर का निर्माण होगा और 12 एकड़ जमीन में हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इससे सेंटर के आकर्षण में चारचांद लग सकेगा।
-
मिलेंगी ये सुविधाएं
विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर में पांच हजार लोगों के बैठने की जगह होगी। ढाई हजार कुर्सियां फिक्स की जाएंगी, जबकि इतनी ही कुर्सियों के लिए स्थान रहेगा। जरूरत पड़ने पर कुर्सी लगाई जा सकेगी। जरूरत न पड़ने पर इसका अलग इस्तेमाल भी किया जा सकेगा। इसमें लगभग 10 छोटे बैठक कक्ष बनाए जाएंगे। विकासकर्ता की ओर से यहां एलीट क्लब भी बनाया जाएगा।
वर्जन...
कन्वेंशन सेंटर के निर्माण एवं संचालन की जिम्मेदारी जिस फर्म को दी गई है। उसने कन्वेंशन सेंटर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। निर्माण स्थल पर मशीन व सामग्री पहुंचने लगी है। फर्म को तीन साल में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।
- आनंद वर्द्धन, उपाध्यक्ष, जीडीए