बरगदवां से कौवाबाग जेल बाईपास फोरलेन के बीच खजांची चौराहे पर फ्लाईओवर के निर्माण का कार्य अगले सप्ताह शुरू हो जाएगा। परियोजना की स्वीकृति और शिलान्यास के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में कमिश्नर रवि कुमार एनजी नाराजगी जताई।
साथ ही लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को तीन दिन के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर निर्माण शुरू कराने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान कमिश्नर ने एसडीएम, डीएफओ और बिजली निगम के अधिकारियों को निर्माण कार्य में पूरा सहयोग करने को कहा। निर्देश दिया कि निर्माण शुरू करने में बिजली के पोल-तार, पेड़ हटाने समेत जो भी बाधाएं हों, उन्हें तत्काल दूर किया जाए।
96.50 करोड़ की लागत से प्रस्तावित इस फ्लाईओवर का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 27 नवंबर को शिलान्यास किया था। फ्लाईओवर के निर्माण से बड़ी आबादी को जाम की समस्या से निजात मिलेगा। बिहार और नेपाल जाने वाले वाहन जाम में नहीं फंसेंगे।
बैठक के दौरान कमिश्नर ने पैडलेगंज से छात्र संघ चौराहा होते हुए फिराक गोरखपुरी चौराहा तक फोरलेन और देवरिया बाईपास फोरलेन निर्माण कार्य की तैयारियों के बारे में भी जानकारी ली। पैडलेगंज-नौसड़ सिक्स लेन का कार्य भी समय से पूरा करने का निर्देश दिया।