जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को पिपराइच थाना क्षेत्र के पिपरा वसंत गांव में लक्ष्मी प्रतिमा का विसर्जन हो रहा था। इसी दौरान आकाश पासवान जो रिश्तेदारी में गांव आया था, लोगों के मना करने के बावजूद तालाब के गहरे पानी में चला गया। कुछ ही देर में वह डूबने लगा। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। विसर्जन ड्यूटी पर तैनात आरक्षी अजीत कुमार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल तालाब में छलांग लगा दी। उन्होंने आकाश को डूबने से बचाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद पता चला कि युवक खतरे से बाहर है।
आरक्षी अजीत कुमार 2025 बैच के आरक्षी हैं। उनकी तत्परता और साहस की स्थानीय ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय लोगों ने सराहना की। उनकी सूझबूझ से विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया।