प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर कालिख पोतने समेत अन्य मामलों में गिरफ्तार किए गए कांग्रेसियों को कोर्ट ने एक-एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर शनिवार को जमानत दे दी।
महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में दो मार्च को पेट्रोल, डीजल, घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर कालिख पोतने, सरकारी काम में बाधा डालने और बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने पर पुलिस ने कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, अभिजीत पाठक, अमित कनौजिया, सुमित पांडेय समेत चार को गिरफ्तार कर लिया था।
साथ ही अन्य के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया था। शनिवार को सुनवाई के बाद न्यायालय ने चारों को जमानत दे दी। आशुतोष तिवारी ने कहा कि प्रदेश ही नहीं पूरे देश में महंगाई, पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। जनता महंगाई के चक्की में पिस रही है, जनता के हक की लड़ाई कांग्रेसजन लड़ रहे हैं। सरकार कांग्रेसजनों पर बर्बरता करते हुए गंभीर धाराओं में पाबंद कर रही है।
सरकार प्रशासन के दम पर जनता की आवाज को दबाना चाह रही है। सरकार जो भी चाहे हथकंडे अपना ले, जनता के हक की लड़ाई महानगर कांग्रेस कमेटी निरंतर लड़ती रहेगी। इस दौरान अरुण कुमार अग्रहरी, महेंद्र मोहन तिवारी, विनोद जोजफ, अमित शुक्ला, सुरेश प्रसाद चौधरी, विजेंद्र तिवारी, मदन त्रिपाठी, पूनम मिश्रा, कुसुम पांडेय, निर्मला वर्मा, रहमान, नवीन सिन्हा, रोहन पांडेय, दिलीप कुमार निषाद, प्रेमलता चतुर्वेदी, अनिल सोनकर, अमित कुमार गौतम, अनिल दूबे आदि मौजूद रहे।