नकली पुलिस ने वृद्ध को उठाया, बहू ने भूमि विवाद में अगवा करने की दी तहरीर
पैकौली। सदर कोतवाली के आगया गांव से नकली पुलिस कर्मी एक वृद्ध को लेकर चले गए। तलाशते हुए वृद्ध की बहू कोतवाली पहुंची तो पता चला कि उसके ससुर को पुलिस नहीं लेकर आई है। उसने बैनामा करने की नीयत से अगवा करने का आरोप लगाते हुए शाम को कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
सदर कोतवाली के आगया गांव निवासी गीता देवी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि मंगलवार की सुबह कुछ लोग कार से उसके घर पहुंचे। सभी ने अपने आप को पुलिसकर्मी बताया और ससुर रामदयाल चौरसिया से कहा कि बेटे के खिलाफ मुकदमा है। कोतवाली चलना होगा। इस पर वृद्ध कार में सवार होकर कोतवाली के लिए निकल पड़े। काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजन परेशान हो गए। उनकी बहू शाम को कोतवाली पहुंचकर जांच पड़ताल की तो पता चला कि उनके बेटे के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं था और न ही पुलिस गिरफ्तार करने गई थी। महिला का आरोप है कि कुछ लोगों ने उसके ससुर को भूमि बैनामा कराने के लिए अगवा कर लिया है।