गोरखपुर। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक- एक, वायुसेना स्थल पर राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय खेल महोत्सव रविवार तक चलेगा।
शारीरिक शिक्षा शिक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 की थीम ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ रखी गई है। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान रस्साकशी, मेंढक कूद, 100 मीटर दौड़, उछल-कूद दौड़ और केकड़ा दौड़ जैसी विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य यतींद्र कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत का माध्यम नहीं बल्कि टीम भावना और एकजुटता विकसित करने का सशक्त जरिया हैं।