गोरखपुर। शहर में व्यावसायिक सुविधाओं के विस्तार और नगर निगम की आय बढ़ाने के उद्देश्य से गोरखनाथ क्षेत्र में नया काॅमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। यह तीन मंजिला कॉम्प्लेक्स गोरखनाथ थाना से सटी नगर निगम की भूमि पर प्रस्तावित है। परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में आधुनिक व्यावसायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ नगर निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी करना है।
प्रस्तावित योजना के अनुसार, गोरखनाथ मंदिर के सामने बनने वाले काॅमर्शियल कॉम्प्लेक्स के ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी ताकि दुकानदारों और ग्राहकों को वाहन खड़ा करने में दिक्कत न हो। इसके ऊपर की मंजिलों पर व्यावसायिक दुकानें विकसित की जाएंगी जिनका आवंटन नियमानुसार किया जाएगा।
कॉम्प्लेक्स की सबसे ऊपरी यानी तीसरी मंजिल पर नगर निगम कर्मचारियों के लिए आवास बनाए जाएंगे। इससे कर्मचारियों को शहर के प्रमुख क्षेत्र में आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी जबकि नीचे के तल पर संचालित होने वाली दुकानों से नगर निगम को नियमित राजस्व प्राप्त होगा। इसके साथ ही व्यापारियों को दुकानें मिलेंगी और रोजगार भी बढ़ेगा।
नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा के अनुसार, परियोजना की विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने के बाद निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह कॉम्प्लेक्स गोरखनाथ क्षेत्र के व्यावसायिक विकास के साथ-साथ नगर निगम की आय बढ़ाएगी।