गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरक्षनगरी को विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स स्टेडियम की सौगात देंगे। वह 16 मई को इस अंचल के पहले और प्रदेश के चौथे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमिपूजन व शिलान्यास करेंगे। गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित तालनदोर में यह इंटरनेशनल स्टेडियम 392.94 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 63.39 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं और स्टेडियम बनाने के लिए एलाइनमेंट, मिट्टी भराई, लेवलिंग और बड़े निर्माण उपकरणों को लगाने का काम शुरू भी हो चुका है।
इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के जरिये वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर और खेल के अंतरराष्ट्रीय आयोजन भी अब यहां हो सकेंगे। गोरखपुर से पहले यूपी में कानपुर, लखनऊ में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम हैं, वाराणसी में बन रहा है। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग ने स्टेडियम का निर्माण 23 दिसंबर 2027 तक पूर्ण किया जाना लक्षित किया है।
इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहतर है। गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग फोरलेन से जुड़ा यह स्थान, गोरखपुर एयरपोर्ट से करीब 24 किमी की दूरी पर है और रेलवे स्टेशन से करीब 20 किमी है। ऐसे में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए यहां पहुंचना काफी सुगम होगा।
30 हजार दर्शक की क्षमता होगी स्टेडियम में
इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम 46 एकड़ क्षेत्रफल में आकार लेगा। कुल 30 हजार दर्शक क्षमता का यह स्टेडियम ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ के हिसाब से बनेगा। इसके ग्राउंड पर खिलाड़ियों के लिए सात प्लेइंग और चार प्रैक्टिस पिच होगी। स्टेडियम के पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में प्रत्येक में 14,490 दर्शक बैठ सकेंगे। नार्थ पैवेलियन मीडिया और साउथ पैवेलियन विशिष्टजन के लिए होगा। रात्रिकालीन मैच भी हो सके, इसके लिए मेन स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानक के चार हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था रहेगी। यहां क्रिकेट के अलावा अन्य बड़े आयोजन भी होंगे।
डीएम दीपक मीणा का कहना है कि तालनदोर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बन जाने से गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर बहुआयामी विकास का एक नया मॉडल दिखेगा। यहां पहले से ही पशु चिकित्सा, महाविद्यालय और वृहद कान्हा गोशाला का भी निर्माण हो रहा है। बहुआयामी विकास से यहां व्यापार और सेवा क्षेत्र को भी नई ऊंचाई मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
17 को भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ करेंगे सीएम
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 17 मई को सुबह 11 बजे भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ करेंगे। तेनुआ टोल प्लाजा के पास एक मैरिज हॉल में होने वाले इस कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी नेताओं और जनप्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने बताया कि दो दिन में कुल 12 सत्र होंगे। उद्घाटन सत्र में जिला पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, टाउन एरिया चेयरमैन, पार्टी के सभी ब्लॉक प्रमुख और विधायक मौजूद रहेंगे। ब्यूरो