गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र के महावीर छपरा में युवक की मौत के बाद हुए हंगामे और पुलिस पर पथराव के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि हादसा डंपर से नहीं, बल्कि पिकअप वाहन से हुआ था। पुलिस अब नामजद और प्रकाश में आए अन्य आरोपियों और दुर्घटना में शामिल पिकअप की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात सड़क हादसे में कृष्ण निषाद की मौत हो गई थी। हादसे में उसकी बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, लेकिन स्थानीय लोगों ने डंपर से टक्कर का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने अवैध खनन में पुलिस की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और मौके पर मौजूद पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। बाद में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पता चला कि हादसा डंपर से नहीं, बल्कि एक पिकअप वाहन की टक्कर से हुआ था। पुलिस के अनुसार, बाइक पीछे से पिकअप में घुसी थी।
पुलिस ने तोड़फोड़ और हमला करने के आरोप में गिरफ्तार छह आरोपियों गीडा के जीतपुर निवासी आदित्य, बेलीपार के चनऊ उर्फ बेतउवा निवासी अर्जुन पासवान, आशीष कुमार, करन पासवान, कृष्णविजय और कलानी खुर्द महोब निवासी शिवम सिंह को बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।