प्रधानमंत्री की अगवानी की तैयारियां भी परखेंगे मुख्यमंत्री
भगवान बुद्ध की 2566वीं जयंती के मौके पर 16 मई को लुंबिनी में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। वह पहले विमान से कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फिर हेलीकॉप्टर से लुंबिनी के लिए प्रस्थान करेंगे। कुशीनगर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे, फिर वापसी पर एयरपोर्ट पर ही रहेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री शनिवार को कुशीनगर जाएंगे।
वहां प्रधानमंत्री के अगवानी से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर भी जा सकते हैं। भगवान बुद्ध की लेटी प्रतिमा के दर्शन भी कर सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर अभी शासन की तरफ से कोई अधिकृत कार्यक्रम नहीं जारी हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के कुशीनगर आगमन के मद्देनजर शनिवार की सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुशीनगर जाएंगे।